इनरव्हील क्लब के दिवाली मेले में खरीदारी करतीं युवतियां।
- फोटो : Amar Ujala
गोरखपुर। इनरव्हील क्लब ने शनिवार को गोरखपुर क्लब में ‘धमाल दिवाली मेला’ का आयोजन किया। मुख्य अतिथि आईजी मोहित अग्रवाल ने मंदबुद्धि बच्चों के साथ फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि क्लब सामाजिक, सांस्कृतिक गतिविधियों के अलावा गरीब व जरूरतमंद बच्चों की मदद में आगे रहता है। क्लब की मंदबुद्धि बच्चों की मदद की पहल सराहनीय है। उन्होंने बताया कि क्लब हफ्ते में एक दिन उनके गोद लिए जीतपुर प्राथमिक विद्यालय में भी कार्यक्रमों का आयोजन कर बच्चों को जागरूक करता है। अध्यक्ष पवि मेहरोत्रा ने बताया कि मेले का आयोजन कमजोर व जरूरतमंद महिलाओं की मदद के लिए किया गया है। मेले में आर्टिफिशियल ज्वेलरी के अलावा अन्य सजावट के सामानों के स्टाल लगाए गए। लकी ड्रॉ का भी आयोजन किया गया। स्टॉलों पर खरीदारी के लिए काफी लोग जुटे। कार्यक्रम को सफल बनाने में हनी श्रीवास्तव, मधु कमानी, सुनीत स्याल, डिंपल कौर, मोना सिंह, प्रियंका दास, निकिता कनोडिया के अलावा अन्य सदस्यों की भूमिका प्रमुख रही।