लक्ष्मीपुर। फर्जी दस्तावेज के सहारे नौकरी हथियाने वाले शिक्षक के खिलाफ विभाग ने कोल्हुई थाना में धोखाधड़ी व कूटरचना का मुकदमा दर्ज कराया है। बीईओ लक्ष्मीपुर की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में आरोपी शिक्षक को प्राथमिक विद्यालय मुड़ली में तैनात बताया गया है। बीईओ लक्ष्मीपुर तारकेश्वर पांडेय ने तहरीर में कहा है कि कोल्हुई थाना के बेलवां बुजुर्ग निवासी प्रेम नारायण ने फर्जी दस्तावेज के सहारे सहायक अध्यापक की नौकरी हथिया ली। जांच में इंटर का अंक पत्र फर्जी पाया गया है। इसके चलते आरोपी शिक्षक को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बर्खास्त कर दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया था। उसके क्रम में कोल्हुई पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ धोखाधड़ी करने, अभिलेखों की कूटरचना व जानबूझ कर कूटरचित दस्तावेज का सहारा लेने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ कोल्हुई सतेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।