होमगार्ड राजेश चौबे । फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज(बस्ती)। हर्रैया थाना क्षेत्र के बिहरा गेट के सामने सुबह सात बजे घने कोहरे के चलते ट्रक ने होमगार्ड की अपनी चपेट में ले लिया। इससे घटनास्थल पर ही होमगार्ड की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। हर्रैया क्षेत्र के भैसा चौबे गांव के राजेश चौबे (50) होमगार्ड थे। वर्तमान में दुबौलिया थाने पर उनकी ड्यूटी थी। बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे दुबौलिया थाने से घर जाने के लिए साइकिल से चले थे।
सुबह करीब सात बजे जैसे ही बिहरा गेट के पास फोरलेन पार करने लगे तभी बस्ती से फैजाबाद की ओर जा रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इससे राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। घना कोहरा होने के कारण काफी देर तक किसी को हादसे के बारे में जानकारी ही नहीं हो सकी और चालक ट्रक लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची हर्रैया थाने की पुलिस शव को कब्जे में लेकर होमगार्ड के परिवार वालों को जानकारी दी। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और गांव के लोग हर्रैया पहुंच गए। परिवार वालों के विलाप से हर किसी की आंखें नम हो गईं। हर्रैया के प्रभारी निरीक्षक कपिलमुनि सिंह ने बताया कि सूचना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है।