हर्रैया(बस्ती)। चोरों ने मंगलवार रात चार घरों में वारदात को अंजाम दिया। घटनाएं हर्रैया नगर पंचायत के मुरादीपुर गांव में तीन और दुबौलिया थाने के रेउवा में हुईं। एक अन्य घर में लोगों के जागने के कारण चोर भाग निकले। मुरादीपुर में जय सिंह के परिवार के लोग घर के अंदर सोए थे। बाउंड्री कूदकर चोर घर में घुसे और वहां के तीन कमरों का ताला तोड़कर सोने की अंगूठी, चेन व अन्य जेवरात चोर उठा ले गए। सुबह गांव से थोड़ी दूरी पर खाली बक्से मिले। गांव के ही त्रिभुवन सिंह के घर में लड़की की शादी के लिए खरीदे करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात भी चोर उठा ले गए। इसी गांव के दूसरे पुरवे पर रामबुझारत चौहान के घर में भी दरवाजे का ताला तोड़कर चोर अन्दर घुसे। उनके यहां से भी बेटी की विदाई के लिए रखे करीब एक लाख के जेवर व 40 हजार नकद चोरी हुआ। इसी थाने के दुबौलिया रेउवा निवासी राजेन्द्र प्रसाद उर्फ पप्पू का घर भी चोरों ने खंगाला। महिलाओं के गहनों के अलावा बाइक खरीदने के लिए रखे 42 हजार रुपये भी चोर उठा ले गए। मुरादीपुर के ही राहुल सिंह के घर में भी चोर पहुंचे। जिस कमरे में सब लोग सो रहे थे, उसे चोरों ने बाहर से बंद कर दिया। मगर आहट होने पर चोर भाग गए। सीओ हर्रैया के साथ प्रभारी निरीक्षक कपिलमुनि सिंह ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर जल्द पर्दाफाश का आश्वासन दिया।