संतकबीरनगर। सीडीओ हाकिम सिंह ने गुरुवार को पौली ब्लॉक मुख्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान ब्लॉक पर ताला लटका मिला और बीडीओ समेत 15 कर्मियों में से कोई भी उपस्थित नहीं मिला। सीडीओ ने बीडीओ समेत सभी अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। सीडीओ ने बताया कि गुरुवार को पूर्वाह्न दस बज कर दस मिनट पर वह पौली ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे तो वहां ताला लटक रहा था। ग्यारह बजे तक बीडीओ समेत कोई अधिकारी और कर्मचारी ब्लॉक मुख्यालय पर नहीं पहुंचा। यह स्थिति घोर लापरवाही की ओर इंगित करती है। सीडीओ के अनसार, बीडीओ सौरभ पांडेय के मोबाइल पर फोन किया गया तो उन्होंने फोन भी नहीं उठाया। करीब दो घंटे बाद बीडीओ ने खुद उन्हें फोन किया। बीडीओ समेत अनुपस्थिति 15 कर्मचारियों का 11 जनवरी का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया हैं। सभी से अनुपस्थित होने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया हैं। ब्लॉकों पर अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित कराने के लिए रात्रि में भी निरीक्षण किया जाएगा। इससे यह पता किया जाएगा कि कौन- कौन से बीडीओ ब्लॉक मुख्यालयों पर रात्रि निवास करते हैं। डीएम को भी जांच की स्थिति से अवगत कराया जाएगा। लापरवाही किसी भी दशा में क्षम्य नहीं होगी। शासन की मंशा के अनुरूप सभी को कार्य करना होगा, अन्यथा की दशा में कार्रवाई की जाएगी।