राजकीय कन्या इंटर कालेज की बाउंड्री तोड़कर बनाया गया मकान।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। राजकीय कन्या इंटर कालेज की बाउंड्री को तोड़कर तीन मंजिला भवन बना लेने का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रधानाचार्या नीलम सिंह कहती है कि कब्जा पिछले 20 साल है। मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जबकि इससे पहले उनके पूर्ववर्ती प्रधानाचार्या कई बार इसकी रिपोर्ट चुकी हैं। वहीं डीआईओएस बृज भूषण मौर्य कहते हैं कि कब्जा होने की उन्हें जानकारी नहीं है, और न ही अभी तक किसी ने इसकी जानकारी दी। कब्जे को विधिक तरीके से हटवाया जाएगा। सरकारी जमीनों पर कब्जा करने की घटनाएं बढ़ती ही जा रही है। दो दिन पहले मुख्य राजस्व अधिकारी के आवास परिसर को तोड़कर दो मंजिला भवन का निर्माण कराने का मामला सामने आ चुका है, और अब शहर के बीचोबीच राजकीय कन्या इंटर कालेज की बाउंड्री तोड़कर तीन मंजिला भवन का निर्माण कराने का मामला सामने आया। प्रधानाचार्या की माने तो उन्हें आए हुए अभी तीन माह ही हुए हैं, मगर उनकी जानकारी में भवन का निर्माण 20 साल पहले कराया गया। सूत्रों के अनुसार, भवन का निर्माण डीआईओएस कार्यालय में सेवानिवृत्ति एक लिपिक की शह पर हुआ है। बताया तो यहां तक जा रहा है कि भवन निर्माण के समय से ही इसकी लिखा-पढ़ी हुई थी, मगर प्रभाव के चलते मामले को दबा दिया गया।