डॉग स्क्वॉड की मदद से कूड़े के ढेर व गड्ढे में एके 47 की तलाश हुई।
- फोटो : अमर उजाला
इटवा। थाने से एके-47 गुम होने के मामले में पुलिस की जांच अब थाने व कस्बे तक सिमट गई है। मंगलवार को डॉग स्क्वॉड की मदद से कस्बे में कई स्थानों पर जांच की गई। थाने के पास गड्ढे में भी असलहे की तलाश की गई। सूत्रों के अनुसार किसी पुलिसकर्मी ने असलहे के बारे में अहम जानकारी दी है। इसके आधार पर पुलिस थाने के आसपास तलाश में जुट गई है। वहीं, एसटीएफ की टीम ने मंगलवार को जेल में बंद पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। एके-47 के गुम हुए नौ दिन बीत चुके हैं। असलहे की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगी हैं। मंगलवार को एंटी माइंस टीम व डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई। थाने के आसपास कूड़े के ढेर, गड्ढों व भवन निर्माण सामग्रियों में मेटल डिटेक्टर से असलहे की तलाश की गई। जांच में जुटीं बाहर की टीमों ने कस्बे के कुछ दुकानों में छानबीन की और दुकान मालिकों से पूछताछ की। कबाड़ की दुकानों में भी छानबीन की गई। सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने कहा कि गुम एके 47 को शीघ्र ही बरामद कर लिया जाएगा।