संतकबीरनगर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन संगठन के राष्ट्रीय आह्वान पर मंगलवार को चिकित्सकों ने संस्थान बंद कर सात सूत्री मांगों को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आरएन मिश्रा ने कहा कि संगठन का मांग है कि केंद्रीय स्तर से चिकित्सकों एवं चिकित्सा संस्थानों पर हिंसा एवं उपद्रव के खिलाफ कड़ा कानून बने, मेडिकल छात्रों पर नेशनल एक्जिट टेस्ट के प्रस्ताव को खारिज किया जाए, चिकित्सकों एवं प्रतिष्ठानो का रजिस्ट्रेशन एकल खिड़की से किया जाए, चिकित्सकों को पर्चा लिखने का स्वायतता अधिकार रहे, एलोपैथिक दवाओं का पर्चा लिखने का अधिकार सिर्फ एलोपैथिक चिकित्सकों एमबीबीएस एवं बीडीएस को रहे। हेल्थ सेंटर का बजट एक प्रतिशत से बढ़कार 2.5 प्रतिशत किया जाए ताकि मरीजों को आसानी रहे। झोला छाप की प्रैक्टिस पर प्रतिबंध लगाया जाए। ऐसा नहीं किया गया तो वृहद आंदोलन छेड़ा जाएगा। सांकेतिक प्रदर्शन में डॉ. विवेक खन्ना, डॉ. एसबी सिंह, डॉक्टर एसपी श्रीवास्तव, डॉ. आरके चौधरी, डॉ. ए.अग्रवाल, डॉ. एसआर चौधरी अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।