परसिया चंदौर के समीप बारातियों से भरी बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। बारातियों को लेकर जा रही एक जीप खुखुंदू के परसिया चंदौर चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार देर रात पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में वाहन सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि पेड़ का ऊपरी हिस्सा गिर गया और गाड़ी के परखचे उड़ गए। वाहन में नौ लोग सवार थे। मईल थाने के नरियाव गांव के घनश्याम चौबे के बेटे दीपक चौबे की रविवार को शादी थी। बारात देवरिया के रामनाथ देवरिया मोहल्ले में आई थी। कम दूरी की बारात के कारण अधिकांश बाराती रात में ही गांव लौटने लगे। इन्हीं में से एक बोलेरो रात करीब 12 बजे परसिया चंदौर के पेट्रोल पंप के पास पेड़ से टकरा गई। इससे उसका अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में क्त्रसंति चौहान (25) और मिथुन चौहान (17) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अस्पताल ले जाते वक्त उपेंद्र यादव (31) और भोला यादव (32) की मौत हो गई। क्त्रसंति, मिथुन और उपेंद्र नरियाव गांव के ही रहने वाले थे। जबकि भोला बलिया जिले के निवासी थे। वह नरियाव के प्रधान रामप्रवेश यादव के घर काम करते थे। वाहन में सवार क्त्रसंति के पिता राम केश्वर, जितेंद्र मद्धेशिया (28), जनमेजय (18), लालबाबू (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चीख पुकार सुनकर पीछे वाहन से आ रहे बाराती और आसपास के लोगों ने घायलों को वाहन से निकाला और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से चार घायलों को रात में ही जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। चालक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन मौका पाकर वह भाग निकला। चार बारातियों की मौत के बाद गांव में खुशियां मातम में बदल गईं।