देवरिया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार युवक की किशुनपाली चौराहे के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। रामपुर कारखाना थाना के विशुनपुरकला गांव निवासी मनीष मिश्र 24 रविवार की शाम घर से किसी शादी समारोह में जाने के लिए बाइक से निकले। वह किशुनपाली चौराहा के समीप पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन से बाइक टकरा गई। गंभीर रूप से घायल युवक को लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घर वाले शव को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां से सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। युवक दो भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई नोएडा में नौकरी करते हैं।