भाटपाररानी/रुद्रपुर(देवरिया)। दो सड़क हादसों में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। पहली घटना सोमवार सुबह हुई। तरकुलहा देवी के दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटने से 12 लोग घायल हो गए। वहीं भोरे थाना के ग्राम मिश्रौली के पास सोमवार को आमने-सामने हुई बाइक की टक्कर में खामपार थाना के ग्रामपरोहा के रमाकांत गुप्ता (60) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक शख्स घायल हो गया। रुद्रपुर प्रतिनिधि के अनुसार, सोमवार की सुबह कुकुरिहा गांव के रामनयन किशोर के घर पूजा था। गांव के लोग ट्रैक्टर-ट्राली से चौरीचौरा के तरकुलहा देवी मंदिर जा रहे थे। रुद्रपुर-निबही मार्ग पर एकला मिश्रौलिया गांव के मोड़ पर चालक अचानक संतुलन खो बैठा। इसकी वजह से ट्रैक्टर-ट्राली करीब 15 फीट खड्ढे में जा गिरी। आसपास के लोगों ने तत्काल लोगों को किसी तरह से बाहर निकाला और इलाज के लिए एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर ले गए। हादसे में कुकुरिहा गांव के उपेंद्र यादव, शांति देवी, जय देवी ,भंवरी देवी, इंद्रावती देवी, राम, हरेंद्र कुमार, शुभम यादव ,विद्यावती, शांति देवी घायल हुई हैं। घायलों में विद्यावती और शांति देवी को गंभीर चोट आई। दोनों को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।भाटपाररानी प्रतिनिधि के अनुसार, खामपार थाना के ग्राम परोहा निवासी रमाकांत गुप्ता बिहार में अपने दामाद सुनील गुप्ता निवासी ग्राम खदही थाना भोरे जिला गोपालगंज, बिहार के साथ बाइक से जा रहे थे। अभी वह चार किलोमीटर दूर मिश्रौली गांव के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रही एक बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रमाकांत की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर खामपार थाने की 100 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुनील को भाटपाररानी पीएचसी ले गई। वहीं रमाकांत गुप्त के शव को भोरे पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज भेज दिया गया।