हैंसर। सीएचसी मलौली में तीन दिन पूर्व हुए बवाल के मामले में पुलिस ने मंगलवार को सीएचसी अधीक्षक, बीपीएम समेत पांच नामजद और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलबा व मारपीट का केस दर्ज किया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उनकी बेटी गर्भवती है। 18 अगस्त को सीएचसी मलौली पर खून की जांच कराई थी। रिपोर्ट में एचआईवी पॉजटिव होने की बात एएनएम ने बताई। उसके बाद गोरखपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में जांच कराई गई तो वहां से एचआईवी निगेटिव रिपोर्ट मिली। 30 सितंबर को जब मनिकापार के प्रधान पति जयराम यादव व रिश्तेदार अनिल यादव के साथ सीएचसी पर पहुंचे और गलत रिपोर्ट देने के बाबत अधीक्षक डॉक्टर उमर हसरत अंसारी से बात की तो वह बिफर पड़े और गाली देते हुए अस्पताल से भाग जाने की बात कही। इसके बाद अधीक्षक और बीपीएम अशोक कुमार यादव, अतुल चतुर्वेदी, पंकज चतुर्वेदी, आलोक शुक्ला निवासी मलौली तथा 30 अज्ञात लोगों ने उन्हें तथा रिश्तेदार अनिल यादव को मारपीट कर घायल कर दिया। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि अधीक्षक समेत पांच नामजद और 30 अज्ञात लोगों के विरुद्ध बलवा व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।