कोठीभार। चंद्रशेखर हत्याकांड के 11 दिन बीतने के बाद भी मामले में खुलासा नहीं होने से आक्रोशित युवाओं ने कैंडल जला कर प्रशासन को 48 घंटे में पर्दाफाश करने की चेतावनी दी। रविवार की शाम सिसवा कस्बे के इस्टेट चौक तिराहे पर नगर के युवाओं ने कैंडल जला कर चंद्रशेखर को श्रद्धांजलि देने के साथ साथ मामले का खुलासा न होने पर विरोध दर्ज कराया। मधेशी वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष रोशन मद्धेशिया ने कहा कि इस जघन्य हत्या के खुलासे में देरी से नगर के लोग भयभीत हैं। व्यापारियों को अब डर सताने लगा है कि जब प्रशासन गुनहगारों को सजा नहीं देगी तो उनका मनोबल बढ़ जाएगा। वह ऐसी घटनाओं को अंजाम देते रहेंगे। रौशन ने कहा की अगर 48 घण्टे में मामले का पर्दाफाश नहीं हुआ तो नगर के युवा हर अस्तर से विरोध के लिए बाध्य होंगे। कांग्रेसी नेता प्रदीप सिंह ने कहा की इस हत्या कांड के मामले में प्रशासन अभी तक क्यों मौन है? आखिर वह कौन सा दबाव है जो पुलिस वालों को गूंगा बहरा बना रखा है। अब प्रशासन द्वारा देरी युवाओं के सब्र के हद को पार कर गया है। इस दौरान संतोष उर्फ़ अमरेंद्र मल्ल, सत्यम सिंह, विकास सिंह, आदित्य सिंह, सुनील जायसवाल, अजय जायसवाल, सूरज रावत, मुन्ना सिंह, गोविंद मद्धेशिया, मनोज जायसवाल, मुनीर आदि मौजूद रहे।