संतकबीरनगर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सूबे के सभी जिलाधिकारियों व पुलिस अधीक्षकों रूबरू हुए। इस दौरान उनका जोर जन शिकायतों के समय सीमा व गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण पर रहा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जन शिकायतों के प्रति किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मुख्यमंत्री पोर्टल व तहसील समाधान दिवसों तथा अन्य किसी माध्यम से दी गई जन शिकायतों के सुनवाई अधिकारी अवश्य करें और गंभीरता के साथ उसका निस्तारण करें। जन शिकायतों में ज्यादातर मामले चकरोड, सरकारी व प्राइवेट जमीनों पर अतिक्रमण, भूमि विवाद, नाली खड़ंजा व राशन वितरण व आपसी विवाद आदि की ही शिकायतें रहती हैं। इसके निस्तारण के लिए जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण कराये जाने के निर्देश दें और जहां तक हो सके मौके पर ही शिकायतों निस्तारण करा दिया जाए। वीडियो कांफ्रेंसिंग में बताया कि 10 जनपदों में पुलिस व अन्य शिकायतें ज्यादा दिनों से लंबित पाई गई है। उन्होंने कहा कि जहां पर भी शिकायतों का निस्तारण समय से गुणवत्तापूर्ण ढंग से नहीं किया जाएगा, वहां के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।