फरेंदा। गनेशपुर में पति को जिंदा जलाकर मारने के मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित कार्रवाई के लिए थाने का चक्कर लगा रहा है।
फरेंदा थाना क्षेत्र के गनेशपुर निवासी श्रीमती ने थाने में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि 28 मई की रात में करीब तीन बजे उनके पुत्र जितेंद्र के ऊपर बहू ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। जितेंद्र के चिल्लाने पर छत पर सो रहे भाई व वह दौड़ कर आए और आग बुझाई। घरवालों को देख बहू बच्चों को लेकर भागने लगी। घटना की सूचना पर यूपी-100 पुलिस पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे जितेंद्र को सीएचसी बनकटी ले गई। पुलिस ने जितेंद्र का बयान भी दर्ज किया था। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज से 20 जून को डिस्चार्ज होने के बाद पहुंचे जितेंद्र ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। घर वालों ने बताया कि जितेंद्र की पत्नी का चरित्र ठीक नहीं है। इससे आए दिन विवाद हो रहा था। एसओ चंद्रेश यादव का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।