नगर बाजार(बस्ती)। पूर्वांचल बैंक पोखरा बाजार शाखा में तैनात सहायक प्रबंधक (ऋण) प्रमोद कुमार को हिस्ट्रीशीटर ने बुधवार रात फोन पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी राम बाबू की तलाश शुरू कर दी। प्रमोद कुमार का कहना है कि बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे बैंक के सीयूजी नंबर पर फोन आया। जिसमें दूसरी तरफ के शख्स ने अपने को दुर्गा प्रसाद उर्फ रामबाबू निवासी भटहा बुजुर्ग बताते हुए ऋण का दबाव बनाने लगा। इनके इनकार करने और शाखा में आकर जानकारी लेने की सलाह देने पर वह उच्चाधिकारियों को अपब्द कहने लगा। तहरीर में कहा गया है कि इसके पूर्व भी उसने तत्कालीन फील्ड आफिसर अरुण कुमार यादव से भी उसने गाली-गलौज और मारपीट की थी। इस मामले में कुछ माह पूर्व जेल से छूटकर आए रामबाबू ने धमकी देना शुरू किया। एसपी संकल्प शर्मा का कहना है कि जल्द उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।