गोरखपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण (2018) के तहत आखिरी समय में गोरखपुर के लोगों में जागरूकता बढ़ी है। ग्रामीण क्षेत्र में सफाई पर सिर्फ एक दिन में 3781 फीडबैक आए जिससे अब गोरखपुर प्रदेश में छठे स्थान पर पहुंच गया है। हालांकि रैंकिंग का ये आंकड़ा फीडबैक की संख्या के आधार पर है। आबादी के मुताबिक प्रतिशत के आधार पर बनी रैंकिंग में अब भी गोरखपुर करीब 15 जिलों से पीछे है। प्रदेश सरकार की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक सिर्फ 28 अगस्त को गोरखपुर में 3781 फीडबैक मिले जिससे अब कुल फीडबैक की संख्या बढ़कर 20309 हो गई है। 40252 फीडबैक के साथ सोनभद्र पहले स्थान पर, 36828 के साथ ज्योतिबा फूले नगर, 31880 के साथ सहारनपुर तीसरे नंबर, 27475 के साथ वाराणसी चौथे और 25836 फीडबैक के साथ इटावा पांचवें नंबर पर पहुंच गया है।