सड़क के किनारे ऑटो पलटा, वृद्ध की मौत
अचानक सामने बाइक आने से बेकाबू हुई टेंपो
अमर उजाला ब्यूरो
बरहज। देवरिया-बरहज मार्ग पर एक पोखरे के पास सोमवार को ऑटो पलटने से उसमें सवार वृद्ध की मौत हो गई। चालक सुरक्षित है। उसे ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हरनौठा गांव निवासी कन्हैया तिवारी (72) सोमवार की चौराहे से एक ऑटो में बरहज जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में ऑटो सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई। आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। ऑटो में सवार कन्हैया तिवारी को बाहर निकाल कर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कन्हैया तिवारी के मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता के मौत की जानकारी होने पर बेटे मोहन का रो-रो कर बुरा हाल था। उसका कहना था कि उसने पिता को आज दवा लेने जाने से रोका था, मगर उन्होंने उसकी बात को अनसुना कर दिया। बताते हैं कि कन्हैया को सांस की बीमारी थी। वह दवा लेने बरहज जा रहे थे। मोहन ने बाद में खुद जाकर दवा ले आने की बात कहते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया था, मगर उन्होंने उसकी एक न मानी। कन्हैया के मौत की जानकारी होने पर पत्नी कौशल्या दहाड़ें मारने लगीं। इस संबंध में थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। चालक से पूछताछ की जा रही है।