बर्डपुर/लोटन(सिद्धार्थनगर)। करंट की चपेट में आने से शुक्रवार को मोहाना थाना क्षेत्र के भैसहवा गांव में रेडियो मैकेनिक की मौत हो गई। वहीं, लोटन के खैरीडिहा में में ढीले तार की चपेट में आने से महिला बुरी तरह झुलस गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहली घटना मोहाना थाना क्षेत्र के लालपुर चौकी अंतर्गत बर्डपुर नंबर तीन के भैसहवा टोला निवासी रेडियो मैकेनिक संकलाल (50) घर में टीवी का तार बिजली के बोर्ड में जोड़ रहा था। इस दौरान वह करंट की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया। चीख सुनकर पहुंचे परिजन उसे बर्डपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।जहां चिकित्साधिकारी डॉ.प्रशांत अस्थाना ने उसे मृत घोषित कर दिया। संकलाल की मौत से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।दूसरी घटना लोटन कोतवाली क्षेत्र के खीरीडिहा गांव की है। गांव निवासी आयशा (45) बकरी चराने खेत की ओर गई थी। धूप से बचने के लिए छाता लगा रखा था। रास्ते में 11 हजार वोल्ट का तार ढीला होकर नीचे लटक रहा था। छाता से स्पर्श होने के कारण वह करंट की चपेट में आ गई। आसपास के लोगों ने पहुंचकर उसे करंट के चंगुल से छुड़ाकर निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।