शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र में चंदनपुर गांव में शनिवार सुबह दुर्गा पूजा पंडाल में सजावट के बाद बिजली का कनेक्शन देने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नियांव गांव निवासी राजू चौरसिया (19) पुत्र बुधई चौरसिया शनिवार की सुबह करीब आठ बजे बगल के गांव चंदनपुर में दुर्गा पूजा पंडाल की सजावट कर रहा था। इसी क्रम में वह एलटी लाइन के तार से पंडाल को जोड़ते वक्त करंट की चपेट में आकर राजू गंभीर रूप से झुलस गया। लोग उसे आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, जेई अनिल यादव ने बताया कि घटना सूचना मिली है। इस संबंध में विभाग से कोई शटडाउन नहीं लिया गया था।