जिला अस्पताल मे डाक्टरों ने काली पट्टी बांध कर किया विरोध।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती।राजस्थान में प्रदेश सरकार द्वारा आंदोलित डॉक्टरों पर कार्रवाई किए जाने से नाराज चिकित्सकों ने प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के आह्वान पर बृहस्पतिवार को चिकित्सकों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर काम किया। यह विरोध जिला अस्पताल समेत सभी सरकारी अस्पतालों में किया गया। जिला अस्पताल में एसआईसी कार्यालय में सभी डॉक्टर एकत्रित हुए। इसके बाद एसआईसी डॉ. एके श्रीवास्तव सहित सभी ने हाथों में काला फीता बांधकर विरोध जताया। डॉ. आशीष नारायन त्रिपाठी ने बताया कि राजस्थान सरकार से वहां के सरकारी डाक्टरों की मांगों को लेकर समझौता हुआ था। समझौते का पालन न करने के कारण 18 दिसंबर से वहां डाक्टर आंदोलन पर थे। इनके खिलाफ सरकार ने दंडात्मक कार्रवाई की। इनके घरों में घुस कर पुलिस ने तोड़फोड़ की और पूरे परिवार को थानों पर बैठा लिया गया। यहां तक की महिला डाक्टरों के साथ भी अभद्रता की गई। इन स्थिति के खिलाफ ऑल इंडिया फेडरेशन एवं गवर्नमेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने देशभर में विरोध का आह्वान किया है। जिला अस्पताल में डॉ. विजय प्रकाश यादव, डॉ. अवधेश चौबे, डॉ. बीके मिश्र, डॉ. आलोक पांडेय आदि ने एसआईसी की अगुवाई में राजस्थान सरकार का विरोध करते हुए काला दिवस मनाया।