भानपुर (बस्ती)।निजी बस में सवार मनचलों द्वारा रास्ते से गुजर रहीं छात्राओं को देखकर टिप्पणी करना भारी पड़ गया। अभद्रता से गुस्साए छात्रों ने बस का पीछा कर टायरों की हवा निकाल दी और दोनों मनचलों की जमकर धुनाई की। असनहरा चौकी की पुलिस टीम के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर असनहरा चौकी क्षेत्र के दुबौली पडाव के निकट मोहम्मदनगर स्थित इंटर कालेज के छात्र-छात्राएं शनिवार को छुट्टी होने पर घर जा रहे थेे। तभी बस्ती से डुमरियागंज की ओर जा रही एक निजी बस में सवार कुछ मनचलों ने छात्राओं को देखकर फब्तियां कसनी शुरू कर दी। गुस्साए छात्राें ने जब बस रुकवाने की कोशिश की तो चालक ने बस दौड़ा दी। इसी बीच बस में सवार लोगों ने दो छात्रों को बस में खींच लिया। इसके बाद शोर मचाते हुए छात्रों और अन्य लोगों ने बस का पीछा करते हुए सूचना पुलिस को दी। छात्रों के समूह को पीछे आता देख बस में सवार लोगों ने दोनों छात्रों को दुबौली पड़ाव के निकट बस से नीचे धक्का दे दिया। इसी बीच पीछा कर रहे छात्रों ने बस को घेरकर पहियों हवा निकाल दी और आरोपियों को पीटना शुरू कर दिया। सूचना पर असनहरा चौकी की पुलिस पहुंची और चालक समेत सभी लोगों को चौकी ले गई। चौकी प्रभारी असनहरा अनिल सिंह ने बताया कि किसी भी ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिली तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सबको समझाकर छोड़ दिया गया।