गोरखपुर। डीएम राजीव रौतेला ने बीएसए को प्रत्येक ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय को मॉडल स्कूल के तौर पर विकसित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने हर हाल में एक सप्ताह के भीतर स्कूलों का चयन कर उसकी सूची उन्हें उपलब्ध कराने को कहा है। डीएम ने प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए यह निर्देश जारी किया है। उन्हाेंने प्राथमिक स्कूलों में छात्रों की गिरती उपस्थिति, शिक्षकों के समय से स्कूल न पहुंचने और मिड डे मील में गड़बड़ी को गंभीरता से लिया है। इसे लेकर उन्होंने प्राथमिक शिक्षा विभाग के अफसरों पर कड़ी नाराजगी जताई है। डीएम ने बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारी, एबीआरसी, एनपीआरसी को रोजाना सुबह आठ से 12 बजे के बीच परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट मुहैया कराने को भी कहा है। निरीक्षण सिर्फ कागजों तक सीमित न रह जाए, इसलिए उन्होंने सभी अफसरों से कहा है कि उन्हें निरीक्षण की फोटो उनके व्हाट्सएप पर भेजने होंगे। इसी तरह डीएम ने प्रत्येक सोमवार को स्कूलों में स्वच्छता दिवस मनाने तथा सभी विद्यालयों में प्रत्येक माह के अंतिम में विद्यार्थियों की परीक्षा लेने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।