गोंडा। होली में ससुराल आए युवक का शव शुक्रवार को कटरा शहबाजपुर रेलवे क्रॉसिंग के निकट रेल पटरी पर मिला है। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। पिता लल्लन वाजपेयी ने हत्या का आरोप लगाते हुए करनैलगंज कोतवाली में तहरीर दी है। इसमें अपनी बहू व उसके पिता पर हत्या का आरोप लगाया है। सीओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
बहराइच के फरखपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तिनगाई पूरे अवस्थी पुरवा निवासी लल्लन वाजपेयी के पुत्र मुकेश वाजपेयी (26) की शादी दो साल पहले करनैलगंज के कटरा शहबाजपुर निवासी रामकुमार अवस्थी की बेटी ममता से हुई थी। होली मनाने के लिए मंगलवार को मुकेश पत्नी ममता के साथ ससुराल आया था। शुक्रवार सुबह मुकेश का शव कटरा शहबाजपुर रेलवे क्रॉसिंग के निकट रेल पटरी पर पड़ा मिला। सूचना पर मुकेश के पिता लल्लन करनैलगंज पहुंचे। उन्होंने मुकेश के ससुराल वालों पर उसकी हत्या करके शव रेलवे पर फेंकने का आरोप लगाया है।
ममता ने पुलिस को बताया कि पति मुकेश गुरुवार रात शराब के नशे में घर से निकले थे। रोकने पर भी वह नहीं माने और चले गए। शुक्रवार सुबह मुकेश का शव मिलने की जानकारी हुई। ममता ने किसी तरह का विवाद होने की बात से इंकार किया। कहा कि मुकेश हमारे साथ ही आए थे और यहीं थे।
करनैलगंज कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार रात मुकेश नशे की हालत में रेलवे क्रॉसिंग के आसपास और रेलवे ट्रैक पर घूम रहा था। रेलवे फाटक पर तैनात कर्मचारी ने उसे ट्रैक से हटाया भी था। कोतवाल का कहना है कि मामले में छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी। सीओ करनैलगंज नवीना शुक्ला का कहना है कि मृतक के पिता ने तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।