गोंडा। रोजी-रोटी की तलाश में महाराष्ट्र के पुणे गए एक युवक की वहां संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शनिवार को उसका शव पैतृक गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। युवक की मां ने रिश्तेदार पर हत्या का आरोप लगाया है।
खोड़ारे थाना क्षेत्र के ग्राम बभनगांव हाजीजोत की रहने वाली पूनम देवी ने बताया कि उनका बेटा संदीप कुमार (16) चेन्नई में रहकर रोजगार करता था। पूनम के मुताबिक संदीप अपने बहनोई संतोष कुमार के भाई रजवंत निवासी ग्राम जोगिया, जिला बस्ती के पास रोजी-रोटी के सिलसिले में 18 सितंबर को पुणे गया था। पूनम के मुताबिक रजवंत ने ही 16 सितंबर को उनके बेटे को फोन करके बुलाया था। आरोप है कि 27 सितंबर को रजवंत ने फोन पर सूचना दी कि संदीप की तबीयत खराब है। पुनः एक घंटे बाद फोन करके बताया कि वह काम पर गया था तो घर में अकेले संदीप ने फांसी लगा ली।
पूनम ने बताया कि उनका दूसरा बेटा सोनू मुंबई में रहता है। रजवंत ने उसे फोन करके बताया कि संदीप ने फांसी लगा ली थी। अस्पताल पहुंचाने पर डाॅक्टर ने बताया कि उसकी मौत हो चुकी है। पूनम ने रजवंत पर हत्या का आरोप लगाया है। शनिवार को संदीप का शव पैतृक गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।