गोंडा। समर्थ उत्तर प्रदेश, विकसित उत्तर प्रदेश 2047 अभियान के तहत जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में रविवार को विचार गोष्ठी, निबंध लेखन व पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन व मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन के निर्देशन में हुए इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित व आत्मनिर्भर बनाना है। लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में प्रो. रविंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में व बाबा गयादीन वैद्य बाबूराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय में डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में छात्रों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। विशिष्ट अतिथि प्रो. अरविंद कुमार शर्मा व डॉ. दिलीप शुक्ल ने कहा कि गोंडा के सक्षम होने पर विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य आसानी से हासिल होगा। छात्रों ने शिक्षा, रोजगार, नवाचार, महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण पर उपयोगी सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विनय कृष्ण पांडेय ने किया। (संवाद)