गोंडा। अमदही-तरबगंज मार्ग पर दो बाइकों की आमने सामने टक्कर में जहां एक युवक की मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
अमदही पूरे तारा निवासी संतोष उर्फ साधु (26) सोमवार शाम चार बजे गांव के सुनील (28) के साथ बाइक से बाजार से घर लौट रहे थे। अमदही पूरे कोटिया के पास रामकरन सिंह (30) निवासी ऐली परसौली की बाइक से संतोष की बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में संतोष उर्फ साधु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से सुनील व राजकरन सिंह को मेडिकल काॅलेज गोंडा रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के समय बाइक सवार लोग हेलमेट नहीं पहने थे, जबकि परिजनों ने हेलमेट पहने होने का दावा किया है। मृतक संतोष उर्फ साधु के परिवार में पत्नी व दो साल की बेटी शिवानी है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, कौड़िया थाना क्षेत्र में झौनहा पश्चिमी गांव के पास सोमवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार अधेड़ जख्मी हो गया। सीएचसी कटरा बाजार में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के शुक्लनपुरवा निवासी राधेश्याम कश्यप (50) के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक वेदप्रकाश शुक्ल ने बताया कि राधेश्याम क्षेत्र के रमपत चौराहे पर शादी के कार्ड छपवाने आए थे। लौटते समय झौनहा के पास हादसे का शिकार हो गए। राधेश्याम हेलमेट नहीं पहने थे। सिर में अधिक चोट लगने से उनकी मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।