गोंडा। नित्यक्रिया के लिए निकले युवक को अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। खरगूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भटपी तुर्क पुरवा निवासी विजय शंकर (35) सोमवार की सुबह पांच बजे घर से नित्यक्रिया के लिए निकले थे। आर्यनगर-महराजगंज मार्ग पर तुर्क पुरवा स्थित शिवमंदिर के पास एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें गोंडा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी की भी कुछ दिन पूर्व मौत हो चुकी है। प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में कोई सूचना नहीं मिली है।