गोंडा। गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर स्थित बभनान रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मनकापुर जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जालंधर जा रही जनसाधारण एक्सप्रेस रविवार सायं पांच बजे बभनान स्टेशन पार कर रही थी। इसी दौरान एक युवक ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसी ट्रेन में यात्रा कर रहे युवक के मित्रों को जब इसकी जानकारी हुई तो आगे ट्रेन रुकने पर उसे ढूंढते हुए बभनान स्टेशन पहुंचे। मृतक के दोस्त ऋषि कुमार निवासी ग्राम दरियापुर थाना सजौर जिला भागलपुर, बिहार ने बताया कि वह नीरज कुमार यादव (21) निवासी उपरोक्त के साथ मानसी स्टेशन से जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन पकड़कर नौकरी के सिलसिले में अमृतसर जा रहे थे। रास्ते में दूसरे यात्रियों ने बताया कि शौच के लिए गया नीरज ट्रेन से गिर गया है। जीआरपी चौकी इंचार्ज मनकापुर राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।