गोंडा। परसपुर-करनैलगंज मार्ग पर बेलमत्थर गांव के पास बृहस्पतिवार की सुबह तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से आ रहे बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। इससे दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इसी बीच सामने से आ रहे ट्रक ने दोनों युवकों को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर भाग निकला। जबकि ट्रक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसी बीच मौका पाकर ट्रक का चालक भी फरार हो गया। गुस्साए लोगों ने परसपुर-करनैलगंज मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सीओ के समझाने पर शांत हुए। करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
परसपुर थाना क्षेत्र के ककरहा कॉलोनी बेलमत्थर निवासी राजकुमार (26) सुबह बिहुरी गोसाईपुरवा गांव निवासी ललित (18) के साथ बाइक से चकरौत गांव गए थे। वहां से दोनों लौट रहे थे। वह दोनों परसपुर-करनैलगंज मार्ग पर रानी बगिया बेलमत्थर के पास पहुंचे थे, तभी पिकअप ने ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक में सामने से टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दोनों युवक बीच सड़क पर गिर गए। इसी बीच ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। युवकों की मौत से गुस्साए लोगों ने बेलमत्थर के पास परसपुर-करनैलगंज मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मौके पर थाना परसपुर समेत कौड़िया, करनैलगंज, कटराबाजार पुलिस समेत पीएसी बुला ली गई। ग्रामीण पिकअप चालक को पकड़ने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर पहुंची सीओ करनैलगंज नवीना शुक्ला ने ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। तब जाकर जाम समाप्त हो सका। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
राजकुमार के पिता रामजियावन ने परसपुर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उनका बेटा शहर के होटल में काम करता था। वहीं जाने के लिए घर से निकला था। इसी बीच पास के बिहुरी गोसाईंपुरवा निवासी ललित गोस्वामी भी पहुंच गया। दोनों वाहन के इंतजार में खड़े बातचीत कर रहे थे। तभी परसपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने लापरवाही से दोनों को रौंद दिया। सीओ करनैलगंज ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
ट्रक में फंसकर 100 मीटर तक घिसटता रहा राजकुमार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से आ रहे बाइक सवार युवकों को देखने के बावजूद ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गए। तभी परसपुर की ओर से आ रहा ट्रक दोनों युवकों पर चढ़ गया। इस बीच राजकुमार ट्रक में फंसकर करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटता रहा। जब तक ट्रक का पहिया थमा, उसके पहले ही राजकुमार की सांसें टूट चुकी थीं।
मौत की खबर पहुंची तो घरों में मचा कोहराम
मृतक ललित गोस्वामी दो बहनों में एक भाई था, जो सबसे छोटा था। मृतक राजकुमार चार भाई व दो बहनों में तीसरे नंबर पर था। राजकुमार की शादी हो गई थी। उसके पांच साल का बेटा व तीन साल की बेटी है। दोनों के मौत की खबर घर पहुंची तो घरों में कोहराम मच गया।