गोंडा। जम्मू-कश्मीर में सेब पैकिंग का काम कराने के बाद ठेकेदारों ने सात श्रमिकों की मजदूरी हड़प ली। तगादा करने पर जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़ित श्रमिकों की संयुक्त तहरीर पर कटरा बाजार पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
कटरा बाजार के ग्राम देवापसिया निवासी चिंताराम, सिपाहीलाल, बावन, दिनेश, बुद्धू, रोहित कुमार व विकास को इसी गांव के ठेकेदार महफूज व लुकमान जम्मू कश्मीर ले गए थे। श्रमिकों का कहना है कि दोनों ठेकेदारों ने 20 हजार रुपये प्रतिमाह मजदूरी के साथ ही खाना व खर्चा देने की बात कही थी। वहां सभी से सेब पैक करने का काम कराया गया। सातों लोगों से चार माह 15 दिन काम कराकर ठेकेदार वापस गांव ले आए।
श्रमिकों का आरोप है कि मजदूरी मांगने पर दोनों ठेकेदार गालियां देते हुए जान से मार डालने की धमकी दे रहे हैं। इससे श्रमिक सहमे हैं। वहीं, दोनों ठेकेदार मोबाइल बंद कर फरार हैं। कटरा बाजार इंस्पेक्टर करुणाकर पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके विवेचना की जा रही है।