खोड़ारे (गोंडा)। खोड़ारे थानाक्षेत्र के घारीघाट पोखरा में एक महिला का शव घर में तख्त के नीचे पाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष एसके राणा ने बताया कि घारीघाट स्थित हकीकुल्लाह डिग्री कॉलेज में कंप्यूटर ऑपरेटर मनोज निषाद की पत्नी तारा देवी (28) का शव उसके ही कमरे में तख्त के नीचे पड़ा था। कॉलेज के प्रबंधक मो. कमाल चौधरी ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी के बाद मायके के लोग भी पहुंच गए। मृतका के भाई देवेंद्र कुमार निवासी बूढ़ापार थाना गौर बस्ती की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया कि शव दो दिन पुराना लग रहा है। जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद