गोंडा। इटियाथोक थाना क्षेत्र में गुरुवार को बेटे संग बाइक से जा रही महिला स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर गिरने से घायल हो गई। अस्पताल से रेफर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ ले जाते वक्त रास्ते में महिला की मौत हो गई।
इटियाथोक के सदाशिव बाजार की रहने वाली रीता पांडेय (44) गुरुवार को बेटे के साथ अयाह वेदपुर स्थित मायके गईं थीं। गुरुवार को वहां से लौटते समय अयाह गांव में स्पीड ब्रेकर पर वह अनियंत्रित होकर बाइक से गिरकर घायल हो गईं। रीता को आनन-फानन अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक देख चिकित्सक ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। रीता के पति विनोद पांडेय की करीब चार साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। हादसे में रीता की मौत से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।