मंडलायुक्त कार्यालय परिसर में पानी की टंकी से महिला को उतारते पुलिसकर्मी। - संवाद
गोंडा। वजीरगंज थाना क्षेत्र के देवीनगर की रहने वाली दलित पूजा कनौजिया की जमीन पर पड़ोसी ने कब्जा कर दीवार का निर्माण शुरू कर दिया। इससे नाराज पूजा बुधवार को आयुक्त कार्यालय परिसर में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला को टंकी पर देख अधिवक्ताओं समेत लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर फायर टेंडर बुला लिया गया। अधिकारियों ने आनन-फानन एसडीएम और पुलिस को पूजा के गांव भेजकर अवैध कब्जा हटवाया। इसके बाद नगर कोतवाल के आश्वासन पर महिला टंकी से उतरी।
पूजा ने बताया कि गांव में दलित आबादी में डेढ़ बिस्वा भूमि का उसका पट्टा है। जिस पर उसने नींव का निर्माण कराया है। उसके पट्टे की जमीन के बगल में राम सुंदर की पट्टे की जमीन है। पूजा का आरोप है कि राम सुंदर के बगल में दलित आबादी की जमीन पर अमिता यादव ने कब्जा कर नींव भरकर पांच फिट दीवार उठा ली। पूजा के पानी की टंकी पर चढ़ने की सूचना पर एसडीएम तरबगंज शत्रुघ्न पाठक, प्रभारी निरीक्षक वजीरगंज प्रमोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और कब्जा की गई जमीन को खाली करा दिया। नगर कोतवाली के इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह ने पूजा को बताया कि प्रशासनिक और पुलिस टीम ने मौके पर जाकर कब्जा खाली करा दिया है। पूजा के घरवालों से उसकी फोन पर बात भी कराई। तब जाकर वह टंकी से नीचे उतरी।
क्षेत्रीय लेखपाल रवींद्र कुमार ने थाना वजीरगंज में अमिता यादव निवासी देवीनगर के विरुद्ध लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कराया है। एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल ने दीवार का निर्माण रुकवा दिया है। वजीरगंज इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अमिता यादव व महेश मौर्य को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।