गोंडा। विपणन वर्ष 2023-24 के तहत एक अप्रैल से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेंहू खरीद होना है। विभाग की ओर से अभी तक तैयारी पूरी नहीं हो सकी। कागजों पर तो 81 क्रय केंद्र बना दिया लेकिन अधिकांश केंद्र अभी तक वजूद में नहीं आ सके।
कई केंद्रों के लिए अभी तक स्थान ही नहीं तय हो सका जबकि अधिकांश केंद्र पर बैनर तक नदारद रहा। जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को अधिकारियों ने केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया, जिसमें अधूरी तैयारी की बात सामने आई।
जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय ने करनैलगंज मंडी, साधन सहकारी समिति लिमिटेड रामपुर, कंजेमऊ, कटरा बाजार गुरसड़ा शांतिनगर का निरीक्षण किया। जिसमें कटरा बाजार में अभी तक स्थान ही नहीं चयनित हुआ। गुरसड़ा के आलावा किसी भी केंद्र पर बैनर लगा नहीं मिला। इधर, जिला गन्ना अधिकारी, पंचायती राज अधिकारी समेत अन्य के निरीक्षण में तैयारियां अधूरी मिली।