गोंडा। दसों निकायों में नई सरकार का गठन तो हो गया है मगर सभी के सामने कई तरह की चुनौतियां हैं। गोंडा नगर पालिका परिषद के 27 वार्डों के 21 मोहल्लों में जलभराव की समस्या गंभीर है। यह मामला शपथ ग्रहण के समय ही सभासदों ने उठाया। नगर पालिका की पहली बैठक में ही जलभराव की समस्या दूर करने का प्रस्ताव तैयार होगा।
पालिका अध्यक्ष उज्मा राशिद ने भी कहा कि सीवर लाइन का काम उनकी प्राथमिकता में है। फिलहाल बारिश का समय आ गया है, इसके लिए अभी से नालों की सफाई व अन्य कार्य तेज होंगे। उन्होंने कहा कि शहर के विकास का कोई भी काम हो मगर जलभराव से उस पर पानी फिर जाता है। इसी तरह सभासद प्रकाश आर्य हीरू ने भी कहा कि जलभराव की समस्या सबसे अधिक है। अलंकार सिंह ने कहा कि राधाकुंड के विकास का काम इस बार प्राथमिकता में होगा। इसी तरह अन्य निकायों में भी जलनिकासी की व्यवस्था के साथ ही प्रकाश की व्यवस्था बनानी होगी।
निकायों के अध्यक्ष व सभासदों का शपथ ग्रहण शुक्रवार को होने के बाद शनिवार को औपचारिकता जैसी स्थिति ही रही। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ज्यादातर आम लोगों की बधाइयां लेने में व्यस्त रहे। करनैलगंज में तो अभिनंदन समारोह का आयोजन हुआ। सोमवार को नगर पालिका कार्यालयों में रौनक दिखेगी। पहली बैठक करने की तैयारी अब शुरू होगी। जून माह में ही बैठक करके कार्ययोजना तैयार करेंगे।