गोंडा। करनैलगंज के सबसे अधिक बूथ वाले मतदान केंद्र के बाहर परिसर में जलभराव हो गया है। बुधवार शाम तक रुक-रुक कर हुई बरसात के चलते कंपोजिट विद्यालय करनैलगंज के परिसर में जलभराव हो गया। इसी बीच मतदान कराने वाले कार्मिक भी आ गए। किसी तरह मतदान कर्मी मतदान केंद्र तक वाहन के माध्यम से पहुंचे। कंपोजिट विद्यालय करनैलगंज में सबसे अधिक आठ बूथ हैं। यहां मतदाता भी ज्यादा हैं। करीब 11 हजार मतदाता यहां मतदान करेंगे। मतदान केंद्र के बाहर परिसर में बरसात का पानी भर जाने से दलदल और कीचड़ हो गया है। जिससे मतदान करने के लिए आने वाले मतदाताओं को परेशानियों से गुजरना पड़ेगा। मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय बरवलिया प्रथम के परिसर में भी जलभराव है। यहां करीब 3000 मतदाता मतदान करेंगे।