गोंडा। खरगूपुर सीएचसी में तैनात एक वार्ड ब्वॉय का शव मंगलवार रात सरकारी आवास की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। वार्ड ब्वॉय का कुछ देर पहले ही पत्नी से विवाद हुआ था।
खरगूपुर संवाद के अनुसार स्थानीय सीएचसी में तैनात वार्ड ब्वॉय संदीप कुमार (32) परिसर में बने कर्मचारी आवास में दूसरी मंजिल पर परिवार के साथ रहता था। मंगलवार देर रात आवास के पंखे में बंधे साड़ी के फंदे पर संदीप का शव लटका मिला। बताया जा रहा है कि संदीप का किसी बात को लेकर पत्नी सीमा देवी से झगड़ा हुआ था। इससे नाराज सीमा दोनों बेटियों साक्षी (10) व सृष्टि (7) के साथ नीचे कमरे में चली गई थी। इसी बीच संदीप ने कमरे में लगे पंखे में साड़ी से फंदा बांधकर फांसी लगा ली।
कुछ देर बाद पत्नी ऊपर कमरे में पहुंची तो संदीप के खुदकुशी करने का पता चला। संदीप के पिता रामसूरत सीएचसी में ही चौकीदार पद पर कार्यरत थे। पिता का निधन होने पर इकलौते बेटे संदीप को 18 जून 2022 को वार्ड ब्वॉय पद पर नौकरी मिली थी।
संदीप की पांच बहनें हैं। इनमें निशा, संध्या व मोनी की शादी हो चुकी है। जबकि साधना की शादी 23 जून को होनी है और कल्पना सबसे छोटी बहन है। परिवार के लोग साधना की शादी की तैयारी कर रहे थे। इस घटना से शादी की खुशियां भी मातम में बदल गईं। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीएचसी के कर्मचारी आवास के जिस कमरे में शव फंदे पर लटका मिला, वहां छानबीन में पुलिस को बेड पर संदीप का मोबाइल फोन व एक कॉपी मिली है। जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है। कॉपी संदीप ने सुसाइड का कारण लिखा है। इस बारे में फिलहाल पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही है। माना जा रहा है कि कॉपी में संदीप की मौत का राज छिपा है।