एलबीएस डिग्री कॉलेज में विद्यार्थियों को संबोधित करतीं डॉ. रेखा शर्मा। स्रोत: सोशल मीडिया
गोंडा। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के बीएससी कैंपस में किया गया। मतदाता जागरूकता पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. रेखा शर्मा ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से स्वयं मतदान करने और अपने परिवार व समाज को भी प्रेरित करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. रजनीकांत तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतपेटी से निकलने वाले मत से तय होती है और युवा वर्ग की सक्रियता से भ्रष्टाचार व अव्यवस्था पर अंकुश लगाया जा सकता है। डॉ. स्मृति शिशिर ने एक-एक वोट को राष्ट्र निर्माण की नींव बताया। जबकि डॉ. डीपी सिंह ने लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान पर प्रकाश डाला। करुणेश दूबे ने युवाओं से निष्पक्ष, निर्भीक और जागरूक होकर मतदान की अपील की। इसके बाद युवाओं और आम जनमानस को मतदान की शपथ दिलाई गई। कृष्ण मोहन त्रिपाठी, विनय श्रीवास्तव, योगेश तिवारी, शिवम पाठक, आयुष, अर्पित श्रीवास्तव सहित अन्य उपस्थित रहे। (संवाद)