गोंडा। निकाय चुनाव की तिथि भले ही अभी तय नहीं है, लेकिन निर्वाचक महकमा तैयारी में जुट गया है। जिले में तीन नई नगर पंचायतें इसी साल गठित हुईं हैं और सात निकाय क्षेत्र पहले से हैं। निर्वाचन विभाग ने 220 बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) की तैनाती करके मतदाताओं के सर्वे का कार्य शुरू कर दिया है। जिससे पहली जनवरी 2023 को 18 साल आयु पूरी करने वाले युवाओं और मतदाता सूची से वंचित लोगों को सूचीबद्ध किया जा सके।
इस अभियान के तहत पांच अक्तूबर तक मतदाताओं को सूचीबद्ध किया जाएगा। इसके साथ ही पांच अक्तूबर तक विस्तार के दायरे में शामिल दो नगर पालिका परिषद और एक नगर पंचायत में शामिल हो रहे गांवों की रिपोर्ट भी मांगी गई है। जिससे वहां भी मतदाताओं के गणना का कार्य शुरू हो सके।
निकाय निर्वाचन विभाग की ओर से 220 कार्मिकों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे पुराने सातों निकाय क्षेत्रों के साथ ही तीन नवगठित नगर पंचायतों में रहने वाले लोगों के घर जाएं और मतदाताओं की सूची तैयार करें। जिससे मतदाता पुनरीक्षण शुरू होने पर उन्हें मतदाता बनाया जा सके। इसके अलावा गणना के आधार पर वार्डों में मतदाता तय किए जा सकें। मतदाताओं के गणना सर्वे में नवगठित नगर पंचायतें बेलसर, तरबगंज व धानेपुर को भी शामिल किया गया है।
इनमें शामिल हुईं 24 ग्राम पंचायतों के उन मतदाताओं को चिह्नित किया जाना है जो पंचायत चुनाव में दर्ज थे और अब नगर पंचायत बनने से निकाय में शामिल हो गए हैं। इसके अलावा नगर पालिका परिषद गोंडा, करनैलगंज व नवाबगंज और नगर पंचायत परसपुर, खरगूपुर, मनकापुर व कटरा बाजार के पुराने क्षेत्रों में नए मतदाताओं को चिह्नित किया जाना है। इनकी गणना सूची तैयार होगी, जिससे मतदाता पुनरीक्षण के समय उन्हें शामिल किया जा सके। निर्वाचन विभाग पुनरीक्षण कार्यक्रम से पहले की तैयारी पूरी करने में जुटा है।
जिले के नवगठित तीन नगर पंचायतों के वार्डों के परिसीमन का कार्य पूरा होने के बाद अब मतदाता सूची तैयार करने की कवायद शुरू हो गई है। नगर पंचायत तरबगंज व धानेपुर में 15-15, जबकि बेलसर में 16 वार्ड बनाए गए गए हैं। बेलसर में बेलसर उत्तरी, रगड़गंज बाजार, बेलसर मध्य, हनुमान नगर, विशुन पुरवा, मुजेड़, परसदा, संतकबीर मोहल्ला, देवरदा, चिल्दहा, पांडेयपुरवा, बाबा नग्रसेननगर, सरदवनपुरवा, बंजरवा, बरसड़ा व चांदपुर के नाम से वार्ड बनाए जाएंगे।
तरबगंज में पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर, महात्मा गांधी नगर, रेतादल सिंह, बंगा सिंह बाबा, डॉ. भीमराव आंबेडकर नगर, जमालखानी, रामापुर, रामनेवल, सेमरा, कौचिहा, ढोढ़ेपुर, पूरेलीला, कटहा, स्वतंत्रता सेनानी भानु प्रताप व स्वतंत्रता सेनानी देवी प्रसाद के नाम से वार्ड गठन की प्रक्रिया चल रही है।
वहीं, धानेपुर नगर पंचायत में डॉ. भीमराव आंबेडकर नगर, महाराजा देवी बख्श सिंह नगर, माधवनगर, मुजेहना नगर, कल्याण नगर, पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर, चतुर धनलाल चौधरी नगर, ठठेरीनगर, इंदिरानगर, सरदार पटेल नगर, राजा आदित्य राम पांडेय नगर, खीरभारी नगर, अटल नगर, श्रीरामजानकी नगर, व डॉ. अब्दुल कलाम नगर के नाम से वार्ड बने हैं। अब यहां के मतदाताओं को सूचीबद्ध किया जाना है।
पहली जनवरी 2023 को 18 वर्ष या इससे अधिक आयु वर्ग के लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए बीएलओ घर-घर जाकर गणना कार्ड भरेंगे। इसके साथ ही निर्वाचन नामावली में नाम बढ़ाने-घटाने और संशोधन का काम भी किया जाएगा।
घर-घर भ्रमण के दौरान बीएलओ के पास संबधित मतदेय स्थल की नगरीय निकाय निर्वाचन नामावली के साथ चार प्रकार के गणना कार्ड रहेंगे। इनमें नाम, शुद्ध नाम, मृत, डबल नाम, पूर्णरूपेण शिफ्टेड मतदाता का विवरण, पूर्व में त्रुटिवश छूटे नाम सहित अन्य जरूरी जानकारी भरी जाएगी। जिला निर्वाचन विभाग ने संबधित विभागों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं निकाय निर्वाचन) नारायण ने बताया कि निकाय चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं की गणना का कार्य शुरू किया गया है। नवगठित नगर पंचायतों के साथ ही पुराने निकाय क्षेत्रों का सर्वे हो रहा है। निकाय विस्तार में शामिल तीनों निकायों में आए गांवों की सूची मिलने पर पांच अक्तूबर से वहां भी सर्वे शुरू किया जाएगा।