गोंडा। जिलेभर में वायरल बुखार से हाहाकार मचा है। ग्रामीण क्षेत्रों के हर घर में कोई न कोई तेज बुखार से तप रहा है। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 25 छात्राओं के भी एकसाथ तेज बुखार से पीड़ित होने से हड़कंप मच गया है। सीएचसी अधीक्षक ने स्वास्थ्य टीम के साथ विद्यालय पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण किया। वायरल के बढ़ते मरीजों के कारण मेडिकल कॉलेज में सोमवार को भारी भीड़ रही। विभिन्न ओपीडी में बुखार व डायरिया से पीड़ित 923 मरीजों का उपचार किया गया। मेडिकल वार्ड में 32 मरीज भर्ती हैं।
बेलसर संवाद
के अनुसार कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बेलसर में एकसाथ 25 छात्राओं के बीमार होने की सूचना सोमवार को सीएचसी अधीक्षक सतपाल सोनकर को दी गई। ये छात्राएं तेज बुखार से तप रही थीं। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य टीम ने बीमार छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं दीं। वार्डन सविता मिश्रा ने बताया कि विद्यालय में कुल 100 छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें 25 बीमार हैं।
परसपुर संवाद के मुताबिक क्षेत्र में बुखार का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। सीएचसी पर बेड फुल हो गए हैं, जिससे एक बेड पर दो मरीजों को भर्ती कर ग्लूकोज चढ़ाया जा रहा है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. लवकेश शुक्ल ने बताया कि इस समय ओपीडी में करीब 500 मरीज आ रहे हैं। गंभीर मरीजों को भर्ती कर उपचार किया जाता है। बेड खाली न होने के कारण एक बेड पर दो मरीजों को भर्ती करना पड़ रहा है।