फोटो-19-गोंडा के कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते डीएम। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। जनता को आयुष्मान कार्ड से आच्छादित करने के लिए 15 से 30 सितंबर तक ग्राम स्तर पर अभियान चलाकर लोगों का कार्ड बनाया जाएगा। इस कार्ड के माध्यम से लोग पांच लाख रुपये तक का इलाज सरकारी व निजी अस्पतालों में करा सकते हैं।
बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकार वार्ता करते हुए जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार ने बताया कि इस बार ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए माइक्रोप्लान तैयार किया है। इसके तहत आरोग्य मित्र, कॉमन सर्विस सेंटर, पंचायत सहायक के माध्यम से शिविर का आयोजन होगा। बताया कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के अंतर्गत भवन एवं सन्निर्माण में लगे पंजीकृत श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड व अंत्योदय राशन कार्डधारकों का भी आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए लाभार्थी प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का पत्र, राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर की नकल, श्रमिक पंजीकरण प्रमाण पत्र, आधार कार्ड लेकर आवेदन करें।
उन्होंने कहा कि सरकार नि:शुल्क कार्ड लोगों को उपलब्ध करवा रही है। इसमें कोई भी पैसा नहीं देना है। अगर कोई पैसे की मांग करे तो शिकायत करें, कार्रवाई की जाएगी। लोगों को गांव में ही कार्ड बनवाने की सुविधा प्रदान की गई है। कहीं भटकने की जरूरत नहीं है। लाभार्थियों की सूची आशा, पंचायत सहायकों व कॉमन सर्विस सेंटर पर उपलब्ध करा दी गई है। लोग अपना नाम सूची में देख सकते हैं। सरकारी अस्पताल में तैनात आरोग्य मित्र, जनसेवा केंद्र, पंचायत सहायक या फिर टोल फ्री नंबर 180018004444 पर जानकारी ले सकते हैं। (संवाद)