वायरल वीडियो में पैसे गिनती स्टाफ नर्स। -संवाद
गोंडा। रिश्वतखोरी को लेकर स्वास्थ्य विभाग इन दिनों सुर्खियों में है। मेडिकोलीगल के लिए वसूली का वीडियो वायरल होने पर सोमवार को दो एक्सरे टेक्नीशियन के निलंबन के बाद मंगलवार को प्रसव के नाम पर वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो मुजेहना सीएचसी में कार्यरत एक स्टाफ नर्स का है, जो प्रसव के लिए तीमारदारों से 1500 रुपये लेकर गिनते हुए 1500 रुपये और मांग रही है।
वीडियो में नर्स कह रही है कि बाहर तो बहुत रुपये लगते हैं, मुझे सरकारी वाला दीजिए बस। जबकि सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुमन मिश्र का कहना है कि प्रसव के लिए सरकारी अस्पताल में कोई शुल्क नहीं लगता है। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने कहा कि पैसे देने वालों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। हालांकि वायरल वीडियो की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।