गोंडा। वंदेभारत एक्सप्रेस का शुक्रवार को बभनान व मनकापुर रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया गया। प्लेटफार्म पर खड़े भाजपा कार्यकर्ताओं ने ट्रेन पर फूल बरसाए। लोगों ने सेल्फी लेकर यादगार पल कैद किया।
गोरखपुर से चलकर वंदेभारत एक्सप्रेस शुक्रवार सुबह छह बजकर दस मिनट पर बभनान स्टेशन पर पहुंची। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने ट्रेन का स्वागत किया। बस्ती के सांसद हरीश द्विवेदी, हरैया के विधायक अजय सिंह समेत अन्य ने ट्रेन का स्वागत किया। दो मिनट रुकने के बाद ट्रेन बभनान स्टेशन से रवाना हुई और 06.34 बजे मनकापुर जंक्शन पर पहुंची। यहां ट्रेन का ठहराव दस मिनट रहा। इस दौरान एनसीसी के छात्र, व्यापारी, भाजपा कार्यकर्ता व स्काउट के छात्रों ने ट्रेन पर फूल बरसाए। ट्रेन के चालक व गार्ड का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। लोगों ने ट्रेन के साथ सेल्फी लेकर इस यादगार पल को कैमरे में कैद किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, बाबूलाल शास्त्री, यूपी सिंह, वेदप्रकाश दूबे, राकेश तिवारी, जगदेव चौधरी, वैभव सिंह, केके सिंह, जीसी श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।