नवाबगंज के महेशपुर गांव के पास पलटी पिकअप। - संवाद
गोंडा। अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर अयोध्या जा रही एक पिकअप हाईवे पर महेेशपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। घायलों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां से एक को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के सरायखत्री गांव निवासी पंडोही चौहान की पत्नी रीना चौहान (55) का सोमवार को आकस्मिक निधन हो गया। परिवार के लोग मंगलवार को पिकअप से शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए अयोध्या जा रहे थे। पिकअप में 12 से अधिक लोग सवार थे। नवाबगंज थाना क्षेत्र में गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर महेशपुर गांव के पास दोपहर 12 बजे सड़क पर खड़े वाहन को बचाने के चक्कर में पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे में पिकअप में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची सरयू घाट चौकी पुलिस ने घायलों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां सरायखत्री गांव निवासी शिवकुमार (45) व विक्रम (35) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रामे चौहान (65) की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। जबकि घायल सुभाषचंद्र (60), लालमनि (45), घनश्याम मौर्य (38), ईंदल (50), भुजऊ (70) व राम मूरत (65) को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय ने बताया कि हाईवे पर पिकअप पलटने से दो लोगों की मौत हुई है। सात घायलों का अयोध्या मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया था। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।