गोपालबाग के पास सड़क हादसे के बाद खड़ी कार व मौजूद लोग - संवाद
गोंडा। खरगूपुर थाना क्षेत्र में गोपालबाग के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार कार के चालक को झपकी आ गई। उसने एक-एक कर चार लोगों को रौंद दिया। इनमें से दो की मौत हो गई। जबकि एक बालिका व एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिस कार से हादसा हुआ वह बहराइच में तैनात वन विभाग के डिप्टी रेंजर की है। गोपालबाग के पास मंगलवार सुबह सात बजे महराजगंज जा रही कार के चालक को झपकी आ गई। कार पहले सड़क किनारे रखे कल्टीवेटर से टकराई। फिर नित्यक्रिया के लिए जा रहे गोपालबाग निवासी अंगद विश्वकर्मा उर्फ झुरई (35) को रौंदते हुए आगे बढ़ी और गोपालबाग निवासी पुनीत श्रीवास्तव की बेटी परी (13) व शगुन (11) को रौंद दिया। इसके बाद कार ने कमड़ावा के तिवारी पुरवा निवासी लवकुश मिश्र के बेटे रौनक (10) को भी कुचल दिया। फिर चालक ने तेजी से ब्रेक लगाया। वह कार से उतरा तो ग्रामीणों ने दबोच लिया। चालक ने चारों घायलों को अपनी कार से ही मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। मगर अंगद विश्वकर्मा उर्फ झुरई व शगुन श्रीवास्तव की मौत हो चुकी थी, जबकि परी व रौनक की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे से अंगद, शगुन व रौनक के परिवार में कोहराम मचा है। पुनीत ने बताया कि दोनों बेटियां सुबह अपनी मां के साथ मंदिर जा रही थीं, तभी हादसे का शिकार हो गईं। शगुन की मौत व परी के गंभीर रूप से जख्मी होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रौनक भी सम्मय माता मंदिर जा रहा था, तभी कार ने कुचल दिया।
खरगूपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। मौके पर पहुंचकर जानकारी की गई। घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज हो रहा है। कार कौन चला रहा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) मनोज कुमार रावत ने बताया कि हादसा करने वाली कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। कार बहराइच के डिप्टी रेंजर अमित वर्मा की है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।