वजीरगंज (गोंडा)। ट्रक की चपेट में आने से रविवार को बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस शवों की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है।
नवाबगंज-मनकापुर रोड पर टिकरी के पास ग्राम पंचायत बहादुरा के मजरे धोबहा के सामने देर रविवार शाम नवाबगंज से मनकापुर की तरफ जा रही बाइक में पीछे से आ रहे ट्रक ने ठोकर मार दी। ट्रक के चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बाइक सवार तीसरे युवक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल बाइक सवार के पास से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान अर्जुन (22) निवासी नवरंग सिंह पुरवा थाना रेहरा बलरामपुर के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया है।
पुलिस ट्रक को थाने ले आई है। थानाध्यक्ष चंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृत युवकों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। बताया कि शिनाख्त के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।