डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की ट्वीट। -संवाद
गोंडा। मेडिकल कॉलेज के क्षेत्रीय निदान केंद्र में तैनात कर्मचारियों द्वारा मेडिकोलीगल के नाम पर वसूली करने का वीडियो वायरल होने के मामले में दो एक्सरे टेक्नीशियन को निलंबित किया गया है। ये कार्रवाई मामले में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के संज्ञान लेने पर की गई।
मेडिकल कॉलेज के नोडल अधिकारी डॉ. कुलदीप पांडेय की अगुवाई में बनी जांच टीम ने सोमवार सुबह लैब टेक्नीशियन अमित पांडेय, अशोक सिंह व रेडियालॉजिस्ट डॉ. पवन कुमार का बयान दर्ज किया। टीम ने एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन व पैथालॉजी विभाग में तैनात 12 लोगों से पूछताछ की। जांच टीम में वरिष्ठ आर्थो सर्जन डॉ. पीएन सिंह व डॉ. शकील रहे। हालांकि जांच टीम द्वारा रिपोर्ट सौंपने के पहले ही डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने ट्वीट कर वायरल वीडियो में रिश्वत ले रहे कर्मचारियों को निलंबित करने का निर्देश दिया। इस पर मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने एक्सरे टेक्नीशियन अशोक कुमार सिंह व अमित पांडेय को निलंबित कर दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।