गोंडा। मनकापुर पुलिस ने दो वाहन चोरों को चोरी की दो बाइकों के साथ दबोचा है। इनकी निशानदेही पर चोरी की पांच अन्य बाइक बरामद हुईं हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करके जेल भेजा गया है।
मनकापुर कोतवाली के एसआई बलिराम सिंह, अरविंद कुमार, योगेंद्र सिंह मंगलवार को पुलिस टीम पर गश्त कर रहे थे। तभी उतरौला मार्ग पर बैरीपुर रामनाथ गांव के पास दो बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखे। पुलिस को देखकर तीनों युवक भागने लगे। घेराबंदी करके दो युवकों को दबोच लिया गया जबकि तीसरा भाग गया। पकड़े गए मोहम्मद निजाम व दुर्गेश कुमार निवासी सादुल्ला नगर रहमत खास के पास से चोरी की दो बाइकें मिलीं। पूछताछ करने पर दोनों ने ग्राम नरेंद्रपुर के पास चोरी की पांच बाइकें छिपाकर रखन की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर जाकर पांचों बाइकों को बरामद कर लिया। कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की सात बाइक बरामद कर दो युवकों को न्यायालय भेजा गया है।