तरबगंज (गोंडा)। क्षेत्र के नबाबगंज-करनैलगंज मार्ग पर झामपुरवा चौराहा के पास स्थित सर्राफ समेत दो दुकानों के शटर का ताला तोड़कर चोरों ने जेवर, विद्युत मोटर, ड्रिल मशीन समेत अन्य सामान पार कर दिया।
थाना तरबगंज क्षेत्र के धौरहरा घाट निवासी अनिल कुमार ने बताया कि झामपुरवा के पास सर्राफ की दुकान चलाता है। शुक्रवार की रात दुकान में ताला लगाकर घर चला गया था। देर रात चोरों ने शटर का ताला तोड़ दिया, और चांदी के 15 हजार के गहने उठा ले गए।
इसी गांव के निवासी सूर्यकांत मिश्रा की बिल्डिंग मेटेरियल की दुकान के शटर का ताला तोड़कर ड्रिल मशीन, विद्युत मोटर व पिलर फ्रेम उठा ले गए। जिसकी कीमत 50 हजार रुपये है। अनिल कुमार ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक मनोज पाठक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जांच कराई जा रही है।